Sunday 17 November 2019

मोक्ष

किसी सत्ता का एहसास होना ही उसके अस्तित्व  का 'होना' है भले ही, भौतिक अवस्था में वह दृष्टिगोचर हो या न हो। कई सत्ताएँ तो भौतिक रूप में उपस्थित होकर भी अपनी उपस्थिति के एहसास का स्पर्श नहीं करा पाती और अनुभूति के धरातल पर वह अस्तित्व विहीन अर्थात 'न होना' होकर ही रह जाती हैं। ठीक इसके उलट, कुछ वस्तुएँ केवल अनुभव के स्तर पर होकर ही अपने मनोवैज्ञानिक बिम्ब को हमारे मानस-पटल पर इतनी गढ़िया देती हैं क़ि उनका वास्तव में भौतिक रूप  में 'न होना' भी किसी तरह से उनके 'होना' को नकार नहीं पाता है। अब यह अनुभव या मनोवैज्ञानिक बिम्ब हमारी जागृत चेतना के धरातल पर होता है। इस चैतन्य-भूमि पर उस बिम्ब का प्रक्षेप या तो एक अत्यंत जटिल प्रक्रिया है जो हमारी उस जागृत चेतना के भी परे होती है जो उस बिम्ब को पकड़ती है या फिर चेतना के उस स्तर को पार करने की हमारी अंतरभूत मर्यादा को रेखांकित करती है। उस मर्यादा को संचालित करने वाली शक्ति ही वह 'परम चेतना' है जिससे इस जागृत चेतना के बीच के आकाश  की शून्यता 'होने' और 'न होने' के आभास से आशंकित है। 

यक़ीन कीजिए, हमारी यह अनुभूति निरी लफ़्फ़ाज़ी नहीं है। बहुत बार तो कुछ एहसास आगत की भौतिक हलचलों की आहट भी होते हैं। आर्किमिडीज़ का पानी से भरे टब में अपने को हल्का महसूस करना विज्ञान जगत की एक क्रांतिकारी अनुभूति थी। विज्ञान की दुनिया ऐसे ढ़ेर सारे वृतांतो और दृष्टांतों से पटी पड़ी है, जहाँ कल्पना ने ठोस यथार्थ, सपनों ने हक़ीक़त और अनुभवों ने ज्ञान की भूमि तैयार की। जैव रसायन शास्त्री केकुल  के सपने में साँप का अपनी पूँछ पकड़ना एक ऐसा ही विस्मयकारी सपना था जिसने बेंज़ीन की बनावट का सूत्र रचा।

नींद में हमारा जागृत चेतन   अचेतन रहता है। स्वप्नावस्था में सुप्त अवचेतन जाग जाता है और चेतन की सारी सीमाओं को लाँघ जाता है। 'टाइम-स्पेस-स्लाइस' पर फिसलता हुआ यह ब्रह्मांड के समस्त गोचर और अगोचर परतों को चीरता हुआ समय के छिलकों को उसपर छितरा देता है। हमारा अमूमन चेतन रहने वाला मन अब अपनी इस सोयी अवस्था में एक जाग्रत दर्शक मात्र बना रहता है किंतु पूरी तरह से मूक और निष्क्रिय!  जबकि आम तौर पर अवचेतन मन तब हमारे सोए तन की इंद्रियों को अपहृत कर उन्हें अपने लोक में समेटकर जगा लेता है। ध्यान दे, सुप्त चेतन मन के लोक से इस जागे अवचेतन मन का लोक विलग होता है, पदार्थ और ऊर्जा के प्रवाह के स्तर पर, चेतन-अवचेतन-अनुभूति प्रवाह के स्तर पर नहीं। हाँ, उस अनुभूति के प्रवाह से पदार्थ और ऊर्जा पर होने वाला प्रभाव चर्चा का एक अलग बिंदु अवश्य हो सकता है।

 जाग्रत अवचेतन के निर्देशन में हमारी इंद्रियाँ लोकातीत और कालातीत होकर अपने कल्पनातीत व्यापार से वापस तब तक नहीं लौटती जबतक कि स्वप्न  लोक में उस व्यापार का कोई अंश सोए लोक का कोई ऐसा तार न छेड़ दे जो सोए चेतन को झंकृत न कर दे और उस व्यापार के ऊर्जा विक्षोभ से उसे आंदोलित न कर दे। यह आंदोलन वापस चेतन मन को जगाकर उस स्वप्नगत व्यापार की प्रकृति के अनुसार 'अनुकूल' या 'प्रतिकूल' प्रभाव छोड़ जाता है जिसका दोलन-काल  और दोलन-प्रभाव कुछ समय तक बना रहता है। फिर चेतन और अवचेतन के अपने पूर्ववत् स्थान ग्रहण करने के उपरांत यह आंदोलन शनै:-शनै: क्षीण हो जाता है किंतु, बुद्धि पर उसका कुछ अंश स्मृति के रूप में शेष रह जाता है। इसी स्मृति से हमारा अहंकार अपने आचरण का संस्कार बटोरता है जिसका कुछ अंश हमारी अन्य दैनिक लघु-स्मृतियों के अल्पांश के साथ मिलकर उस अवचेतन में घुलता जाता है।

चेतन-अवचेतन-अचेतन के इस 'म्यूचूअल-इंटरैक्शन' से हमारे अनुभवों का संसार सजता है और हममें  विचारणा, चिंतन और मनन की संस्कृति समृद्ध होती है। 'चेतना की यह संस्कृति' और फिर 'संस्कृति की यह चेतना' जीवन की इस लौकिकता के आर-पार तक अपनी निरंतरता बनाये  रखती है। जहाँ यह नैरंतर्य अनुभव के आलोक से दीप्त होता है, वहीं अस्तित्व अर्थात 'होने' का आभास होता है और जहाँ अनुभव-शून्यता के निविड़ तम में अदृश्य होता है, वहाँ 'न होने' का आभास! इसलिए 'होना' तो एक चिरस्थायी सत्य है, किंतु 'होने' का आभास कभी  'हाँ' तो कभी 'ना'। इसी आभास से मुक्ति 'मोक्ष' है।

22 comments:

  1. बहुत सुंदर प्रस्तुति मान्यवर.

    ReplyDelete
  2. हमारी अनुभूति लफ्फाजी नहीं होती ... कई बार कल्पना शक्ति के जरिये उसे हम आलोकिक कर देते हैं पर कहीं न कहीं वो चेतन/अवचेतन में होती है ... बिंदु को होना जरूरी होता है इसे आकार देने के लिए ... विस्तार देने के लिए ...
    गहरी चेतन/अवचेतन अवस्था का अध्यन किया है आपने और उसके मनोविज्ञन को बाखूबी शब्द भी दिए हैं ...

    ReplyDelete
    Replies
    1. गहराई से लेख पढ़कर अपनी बहुमूल्य समीक्षा देने का आभार।

      Delete
  3. अभी तो सत्ता अपने होने का अहसास करा रही है और आभास करा रही है मोक्षदायक होने का :)

    ReplyDelete
    Replies
    1. सत्ताओं का स्वभाव ही होता है मोक्ष प्रदान करने के उपक्रम में स्वयं मोक्ष को प्राप्त हो जाना :)

      Delete
  4. हर बार की तरह विषय की विश्लेषणात्मक जानकारी से भरपूर निबंध। हार्दिक आभार और शुभकामनायें आदरणीय विश्वमोहन जी 🙏🙏🙏

    ReplyDelete
  5. आदरणीय विश्वमोहन जी, मोक्ष पर आपका ये सुंदर ,सुगठित , विश्लेषणात्मक चिंतन से भरपूर निबंध अध्यात्मिकता के बिंदुओं को छूता है। धर्म,अर्थ और काम के बाद ,सदियों से जीवन का परम लक्ष्य मोक्ष ही माना गया है । मोक्ष अर्थात एक परम आनंद जो अमूर्त है, आलौकिक है। इसकी लालसा लिए ऋषि मुनियों ने भी अपने आपको तपाने में कोई कसर नहीं छोडी। ये वो स्थिति कही जाती है जहाँ मानव सभी सांसारिक विकारों से मुक्त हो जाता है। जिसमें जन्म _मरण के बंधनों से मुक्ति भी है। आपने मनोवैज्ञानिक स्तर पर इसकी व्याख्या से इसे बहुत रोचक बना दिया है , जिसे लिए कोटि आभार और शुभकामनायें 🙏🙏🙏

    ReplyDelete
    Replies
    1. लेख की तह में जाने का अप्रतिम आभार। 'मोक्ष की लालसा' बड़ा विलक्षण विचार आपने लाया है। अर्थात लालसाओं से मुक्ति की 'लालसा'!

      Delete

  6. जी नमस्ते,
    आपकी लिखी रचना शुक्रवार २२ नवंबर २०१९ के लिए साझा की गयी है
    पांच लिंकों का आनंद पर...
    आप भी सादर आमंत्रित हैं...धन्यवाद।

    ReplyDelete
    Replies
    1. जी, अत्यंत आभार हृदयतल से, इस अरुचिकर और आलोकप्रिय ढर्रों की परंपरा के लेख जो आम पाठकों की पसंद के परे हैं, को अपने लिंक में शामिल करने का जोखिम उठाने के लिए।

      Delete
  7. वाह! आदरणीय सर नमन आपकी कलम को 🙏
    मोक्ष पर पहले भी बहुत कुछ पढ़ा है पर आपका ये लेख सभी से हटकर और रोचक लगा। आपका ये लेख पढ़कर मेरे ज्ञान में जो वृद्धि हुई उसके लिए आपका हार्दिक आभार।
    सादर प्रणाम 🙏 सुप्रभात।

    ReplyDelete
    Replies
    1. ध्यान से आपके मेरे लेख पढ़ने का हृदय से आभार।

      Delete
  8. मित्र, तुम पेशे से इंजीनियर हो लेकिन दिलो-दिमाग से दर्शन और साहित्य के महारथी हो. चेतन, अवचेतन और अचेतन की कार्य-प्रणाली की थाह पाना मेरे बस में तो नहीं है लेकिन इतना पता है कि मेरी कई कहानियों और कविताओं की भूमिका सोने के दौरान ही बन जाती है.

    ReplyDelete
    Replies
    1. आप तो चिर-चैतन्य से परिपूर्ण प्राणी हैं जो इन समस्त कार्य-प्रणालियों से परे हैं। आपके आशीष का स्पर्श पाकर पूर्ण अचेतन भी चेतना का चरम बिंदु पा ले। प्रणाम और आभार।

      Delete
  9. मोक्ष पर आपका परिष्कृत रूप से लिखा लेख रोचक साथ ही साथ बार बार पढने को प्रेरित करा ता है ����

    ReplyDelete
    Replies
    1. ध्यान से आपके मेरे लेख पढ़ने का हृदय से आभार।

      Delete
  10. https://bulletinofblog.blogspot.com/2019/12/2019_3.html

    ReplyDelete
  11. बहुत ही रोचक और ज्ञानवर्धक लेख 👌👌👌

    ReplyDelete
    Replies
    1. जी, अत्यंत आभार आपका।

      Delete